जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: लात-मुक्कों से पीटकर अधेड़ की हत्या, आरोपी फुटकू मझवार गिरफ्तार

Deshkibaat24
4 Min Read

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के थाना लखनपुर अंतर्गत पुलिस चौकी कुन्नी क्षेत्र में जमीन विवाद और मकान निर्माण को लेकर उपजे विवाद में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने आवेश में आकर अपने ही रिश्ते के भाई पर लात-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कुन्नी चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि ग्राम तिरकेला (ठेपापारा) निवासी कामेश्वर मझवार को 26 जून 2026 को गंभीर हालत में लखनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने और स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर रेफर किया गया। यहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद अगले ही दिन, यानी 27 जून 2026 को कामेश्वर मझवार ने दम तोड़ दिया।
मृतक के चचेरे भाई धुंधुराम मझवार (निवासी ग्राम तिरकेला, दोगाडांडपारा) ने पुलिस चौकी कुन्नी पहुंचकर इस संबंध में मर्ग सूचना (मर्ग क्रमांक 68/26, धारा 194 बी.एन.एस.एस.) दर्ज कराई। धुंधुराम ने आशंका व्यक्त की थी कि कामेश्वर की मृत्यु सामान्य नहीं है, बल्कि किसी के द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट की चोटों के कारण हुई है।
पोस्टमार्टम और बयानों से खुला हत्या का राज
मर्ग दर्ज करने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम (P.M.) के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर डॉक्टरों ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया कि कामेश्वर की मृत्यु प्राकृतिक नहीं, बल्कि ‘हत्यात्मक प्रकृति’ (Homicidal) की है।
इसके बाद पुलिस ने मर्ग के सूचक धुंधुराम मझवार का पूरक कथन दर्ज किया। धुंधुराम ने अपने बयान में बताया कि 26 जून को जमीन और घर बनाने की बात को लेकर कामेश्वर मझवार का विवाद फुटकू मझवार के साथ हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर फुटकू मझवार ने कामेश्वर पर लात-मुक्कों की बौछार कर दी। मारपीट के बाद आरोपी स्वयं कामेश्वर को एम्बुलेंस से अस्पताल लेकर गया था, लेकिन वहां डॉक्टरों से ‘इलाज कराऊंगा’ बोलकर चुपके से फरार हो गया था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
पीएम रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 186/26, धारा 103(1) बीएनएस (BNS – भारतीय न्याय संहिता) के तहत हत्या का जुर्म दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी लखनपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी फुटकू मझवार (उम्र 40 वर्ष, आत्मज स्व. बंधु मझवार, निवासी तिरकेला ठेपापारा) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने जमीन विवाद के चलते गुस्से में आकर लात-मुक्कों से मारपीट करने की बात कबूल कर ली। जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने और इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार, बलभद्र ठाकुर, और आरक्षक राजेंद्र तिर्की, जगेश्वर बघेल तथा चंचलेश सोनवानी की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment